न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 07 फरवरी। कुल्लू ज़िले के मनाली में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोम्पा रोड स्थित एक होटल के कमरे से चिट्टा (हेरोइन) की खेप बरामद की है।
मनाली पुलिस ने रेड के दौरान होटल वीर विला के एक कमरे से 39.650 ग्राम चिट्टा पकड़ा और मौके पर ही पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
सूचना थी कि उपेंदर जीव सिंह (21) निवासी जिला जालंधर और बलकार लाल (25) निवासी जिला अमृतसर होटल में ठहरकर चिट्टा बेचने का धंधा चला रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस टीम ने होटल के कमरे की तलाशी ली और दोनों के कब्जे से नशा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।
