न्यूज अपडेट्स
नेशनल डेस्क। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) अब आधार कार्ड में बड़े बदलाव करने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार आधार कार्ड की फोटो कॉपी के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए कार्ड में अब केवल कार्डधारक की फोटो और QR कोड दिखाने पर विचार कर रही है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि आधार कार्ड की कॉपी से किसी भी प्रकार का धोखाधड़ी या मिसयूज न हो सके।
UIDAI ने हाल ही में नया आधार ऐप लॉन्च किया है। नए ऐप में अब कार्डधारक मोबाइल से सीधे अपने मोबाइल नंबर, पता और अन्य डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं, जबकि पहले इसके लिए उन्हें आधार केंद्र का दौरा करना पड़ता था। इसके अलावा, यूजर्स ऐप के जरिए एक क्लिक में अपनी बायोमैट्रिक डिटेल्स को लॉक और अनलॉक भी कर सकते हैं।
UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने हाल ही में एक ऑनलाइन कांफ्रेंस में बताया था कि आधार कार्ड से जुड़े नए नियम पर काम चल रहा है। उनका कहना था कि आधार कार्ड आज हर भारतीय के लिए आवश्यक दस्तावेज बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलने, सिम कार्ड लेने या सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है।
अभी आधार कार्ड की फोटो कॉपी में कार्डधारक का नाम, पता, जन्मतिथि और आधार नंबर जैसी डिटेल्स होती हैं, जिसका गलत इस्तेमाल आसानी से किया जा सकता है। नई योजना के तहत अब कार्ड पर केवल कार्डधारक की फोटो और QR कोड दिखेगा। इससे आधार कार्ड को केवल पहचान पत्र की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा।
बैंक, सिम कार्ड या सरकारी योजनाओं में आधार वेरिफिकेशन QR कोड के जरिए होगी। कार्डधारक की निजी जानकारी अब सुरक्षित रहेगी और दुरुपयोग नहीं हो पाएगा। यह बदलाव UIDAI पिछले साल दिसंबर से लागू करने पर विचार कर रहा था। नए आधार ऐप में भी लॉग-इन करने के बाद कार्डधारक की फोटो और QR कोड दिखाई देते हैं, जबकि अन्य डिटेल्स छिपी रहती हैं। बिना ऐप लॉग-इन किए कार्डधारक की जानकारी किसी को नहीं दिखती।
