न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 09 जनवरी। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिला के हरिपुरधार क्षेत्र में एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे का विवरण: जानकारी के अनुसार, "जीत कोच" नामक यह निजी बस सोलन से कुपवी की ओर जा रही थी। हरिपुरधार के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस सीधे खाई में लुढ़क गई। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनय कुमार ने इस हादसे की पुष्टि की है।
राहत और बचाव कार्य: हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
