Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

एचआरटीसी कर्मचारियों को जारी हुआ वेतन, पेंशनर्स को करना होगा इंतजार

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 10 जनवरी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के हजारों कर्मचारियों के लिए इस माह राहत भरी खबर सामने आई है। निगम प्रबंधन ने लंबे समय बाद कर्मचारियों को महीने की 10 तारीख से पहले वेतन जारी कर दिया है। शुक्रवार शाम तक सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन की राशि जमा हो गई, जिससे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।

पिछले कई महीनों से एचआरटीसी कर्मचारी वेतन में हो रही देरी से जूझ रहे थे। अक्सर वेतन 10 तारीख के बाद मिल रहा था, जिससे कर्मचारियों को घरेलू खर्चों, बैंक किस्तों और अन्य आर्थिक दायित्वों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इस संबंध में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रबंधन का पूरा प्रयास है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके। उन्होंने कहा कि बीते दिनों वेतन जारी कर दिया गया था, जो शुक्रवार शाम तक कर्मचारियों के खातों में पहुंच गया है। भविष्य में ऐसी व्यवस्था बनाने की कोशिश की जा रही है, ताकि कर्मचारियों को हर माह एक निर्धारित तिथि पर वेतन मिल सके।

पेंशन को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय वर्मा ने कहा कि इसके लिए सरकार से मिलने वाली ग्रांट का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही ग्रांट प्राप्त होगी, पेंशन जारी कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में न तो वेतन और न ही पेंशन लंबित है, केवल प्रक्रिया में थोड़ी देरी हो रही है, जिसे जल्द सुलझा लिया जाएगा।

हालांकि वेतन समय से पहले मिलने के बावजूद कर्मचारी संगठन पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के राज्य पदाधिकारियों ने मांग की है कि प्रदेश के अन्य विभागों की तर्ज पर एचआरटीसी कर्मचारियों को भी हर माह की 1 तारीख को वेतन दिया जाए। संघ का कहना है कि अधिकांश कर्मचारियों ने बैंक से ऋण ले रखा है, जिनकी किस्तें महीने के पहले सप्ताह में कटती हैं। वेतन में देरी होने पर खाते में पर्याप्त राशि न होने से किस्त बाउंस होने और डिफॉल्टर बनने का खतरा बना रहता है। ऐसे में 1 तारीख को वेतन मिलना कर्मचारियों के लिए बेहद जरूरी है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!