न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 26 जनवरी। कठिन हालात इंसान की असली परीक्षा लेते हैं। लेकिन जो हिम्मत नहीं हारते, वही इतिहास बनाते हैं। कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां की रहने वाली गोल्डी कौंडल ने ऐसा ही जज्बा दिखाते हुए पहले ही प्रयास में कृषि विकास अधिकारी (ADO) परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
गोल्डी कौंडल एक अनुशासित सैन्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता संजीवन कुमार भारतीय सेना में कार्यरत हैं। तीन वर्ष पहले मां स्वर्गीय सुमन के निधन के बाद गोल्डी के जीवन में कठिन दौर आया। परिवार की जिम्मेदारियां और भावनात्मक आघात के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से पीछे हटने का रास्ता नहीं चुना। इसी संघर्ष ने उन्हें और मजबूत बनाया।
गोल्डी कौंडल शुरू से ही मेहनती, जिम्मेदार और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गैलेक्सी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नगरोटा सूरियां से पूरी की। इसके बाद उन्होंने एटरनल यूनिवर्सिटी, बड़ू साहिब से बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने सीएसके हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से एमएससी एग्रीकल्चर (बायोटेक्नोलॉजी) की डिग्री हासिल की।
पहले ही प्रयास में ADO परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन का प्रमाण है। गोल्डी की इस उपलब्धि से नगरोटा सूरियां क्षेत्र में खुशी की लहर है। मित्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाइयां दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
