Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचलवासियों को मिलेगी बड़ी सौगात, हिमाचल निकेतन छह माह में होगा तैयार

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
नई दिल्ली/शिमला, 15 दिसंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में निर्माणाधीन हिमाचल निकेतन का दौरा कर कार्य प्रगति का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी भवन का निर्माण कार्य छह माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल निकेतन में कुल 107 कमरे बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, मीटिंग हॉल, डॉर्मिटरी, पर्याप्त पार्किंग, गार्डन और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह भवन उपचार, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आने वाले हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और उन्हें एक ही स्थान पर उच्च स्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की आवश्यकताओं के प्रति सदैव संवेदनशील रही है और प्रदेश के बाहर भी लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हिमाचल निकेतन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी और मरीज इलाज व पढ़ाई के लिए दिल्ली आते हैं। हिमाचल निकेतन के निर्माण से उन्हें सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक आवास की सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग देवेश कुमार ने मुख्यमंत्री को परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, प्रमुख आवासीय आयुक्त अजय यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल (सेवानिवृत्त) के.एस. बांश्टू तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!