न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 15 दिसंबर। श्री रेणुकाजी–नाहन मुख्य जिला मार्ग पर मालगांव के समीप सोमवार सुबह करीब 8 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस सिलेंडरों से भरे एक वाहन और एक बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गैस सिलेंडरों से लदा वाहन सड़क के बीचों-बीच पलट गया और उसमें लदे दर्जनों गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए।
हादसे के बाद मौके पर दहशत का माहौल बन गया। संभावित खतरे को देखते हुए स्थानीय लोग कुछ देर के लिए घटनास्थल से दूर हटते नजर आए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
दुर्घटना के कारण पलटा हुआ वाहन सड़क के बीच खड़ा रहने से मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चार पहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई, जबकि दोपहिया वाहन किसी तरह निकलते रहे। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे और यातायात बहाल करने के प्रयास शुरू किए गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मालगांवके पास स्थित यह मोड़ काफी गहरा और खतरनाक है। यहां अब तक सड़क कटिंग का कार्य नहीं किया गया है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस स्थान पर कई हादसे हो चुके हैं।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर शीघ्र कटिंग करवाई जाए, चेतावनी संकेतक लगाए जाएं और गति सीमा निर्धारित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
