Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

जयराम ठाकुर का सरकार पर तीखा हमला, सार्वजनिक मंच पर नेताओं ने निकाली भड़ास

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
मंडी, 11 दिसंबर। मंडी में कांग्रेस सरकार के जन संकल्प सम्मेलन के बाद सियासी हलकों में बवाल मच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह सम्मेलन विकास का नहीं, बल्कि नेताओं की भड़ास निकालने का मंच बनकर रह गया। मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता में जयराम ठाकुर ने कहा कि जो बातें अब तक केवल चर्चा में थीं, वे आज मंच से पूरी तरह जगजाहिर हो गई हैं।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा, जबकि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री पर खुलकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से जिस तरह के शब्दों का चयन किया गया और जिस लहजे में बातें कही गईं, उससे यह साफ हो गया है कि सरकार के भीतर गहरी खींचतान चल रही है। जयराम ठाकुर के अनुसार, मुकेश अग्निहोत्री लंबे समय से भीतर ही भीतर जो बातें दबाए हुए थे, वह आज मंच पर खुलकर सामने आ गईं। वहीं, मुख्यमंत्री द्वारा ‘अंदर और बाहर दोनों लड़ाइयां लड़ने’ वाले बयान ने भी अंतर्कलह की पुष्टि कर दी है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी व्यंग्य किया, जिसमें सुक्खू ने कहा था कि अगली बार कांग्रेस सरकार 52-सीटर वॉल्वो में सवार होकर आएगी। जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में कांग्रेस बोलेरो में सिमट चुकी है और हिमाचल में भी यदि वॉल्वो में आएगी, तो उसमें सिर्फ ड्राइवर और कंडक्टर ही होंगे, जबकि बाकी सीटें खाली रहेंगी। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस सरकार के कामकाज से खुश नहीं है और तीन साल में सरकार की अंतर्कलह ही सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जन संकल्प सम्मेलन जनता की अपेक्षाओं और विकास पर विमर्श का मंच होना चाहिए था, लेकिन यह पूरी तरह से सरकार के अंदरूनी मतभेदों को उभारने का मंच बन गया। उन्होंने दावा किया कि सरकार के भीतर का असंतोष अब जनता के सामने खुलकर आ चुका है और इससे साफ है कि कांग्रेस सरकार अपने ही आंतरिक संघर्षों में उलझी हुई है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!