न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 20 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश में सियासी हलचल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री का दौरा ऐन वक्त पर रद्द हो गया है। खराब मौसम और विजिबिलिटी की वजह से अमित शाह का हिमाचल प्रदेश दौरा स्थगित कर दिया गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत कारण सामने नहीं आया है, लेकिन मौसम को ही इसकी मुख्य वजह बताया जा रहा है।
चंडीगढ़ भी नहीं पहुंचे अमित शाह
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बीते कल चंडीगढ़ पहुंचना था, जहां वे राजभवन में रुकने वाले थे। लेकिन वे तय कार्यक्रम के अनुसार चंडीगढ़ नहीं पहुंचे। इसके बाद आज उनका हिमाचल प्रदेश आने का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।
विजिबिलिटी खराब, उड़ान संभव नहीं
सूत्रों के अनुसार खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण गृह मंत्री की यात्रा को रद्द किया गया है। मौसम की स्थिति उड़ान के अनुकूल न होने के चलते यह फैसला लिया गया। हालांकि अब तक गृह मंत्रालय या भाजपा की ओर से कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
तैयारियों के बीच रद्द हुआ दौरा
गौरतलब है कि अमित शाह के दौरे को लेकर हिमाचल में व्यापक तैयारियां की गई थीं। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता पहले ही ज्वालामुखी क्षेत्र में पहुंच चुके थे। वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी आज सुबह करीब 10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले थे। लेकिन ऐन वक्त पर दौरा रद्द होने से सभी तैयारियां धरी की धरी रह गईं।
जयराम ठाकुर ने की पुष्टि
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी गृह मंत्री का हिमाचल दौरा रद्द होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौसम की खराब स्थिति के चलते यह निर्णय लिया गया है।
फिलहाल नई तारीख का इंतजार
अब अमित शाह का हिमाचल दौरा कब होगा, इसे लेकर कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है। भाजपा और प्रशासन दोनों ही अब मौसम सामान्य होने और नए कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
अब ये होंगे कार्यक्रम में शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा रद्द होने से ज्वालामुखी के सपड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित होने वाला कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है। अमित शाह को यहां SSB के 62वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। अब इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय या बंडी संजय कुमार के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं समारोह में SSB के महानिदेशक संजय सिंघल की मौजूदगी तय मानी जा रही है।
