न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 14 दिसंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक बार फिर अपने संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व का परिचय देते हुए झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वाले बच्चों के सपनों को साकार किया है। धर्मशाला के सराह क्षेत्र स्थित टोंग लेन स्कूल में अध्ययनरत 160 बच्चों को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला में बैठकर देखने का अवसर मिला।
यह अवसर मुख्यमंत्री द्वारा अपने हालिया धर्मशाला दौरे के दौरान बच्चों से किए गए वायदे के अनुरूप प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने शीतकालीन सत्र के दौरान सुबह की सैर के समय टोंग लेन संस्था के होस्टल का दौरा किया था, जहां बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच दिखाने का आश्वासन दिया था। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह वायदा पूरा हुआ।
मैच देखने पहुंचे बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। सीमित संसाधनों में जीवन यापन करने वाले इन बच्चों के लिए स्टेडियम में बैठकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच देखना किसी सपने के सच होने जैसा था। बच्चों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार इतना बड़ा आयोजन नजदीक से देखा है, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे।
विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के वंचित वर्ग के बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि यह पहला अवसर है जब टोंग लेन स्कूल के बच्चे हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच देखने पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि धर्मशाला और आसपास की झुग्गियों में बाहरी राज्यों से आए मजदूर परिवार रहते हैं, जो दिहाड़ी मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। इन परिवारों के बच्चों को कई तरह की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। टोंग लेन संस्था के माध्यम से ये बच्चे शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार रहे हैं, और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इनके सपनों को नई उड़ान दी है।
