Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल : पंजाब से कांड करके आया शख्स, पिस्टल और ड्रग्स बरामद, हुआ अरेस्ट

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
कुल्लू, 28 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश की शांत वादियों में बाहरी राज्यों के अपराधियों का छिपना कोई नया चलन नहीं रहा। पंजाब में हुई गोलीबारी के एक मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी ने फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कैसे गंभीर अपराधों के आरोपी हिमाचल में पनाह ले लेते हैं और पुलिस को लंबा पीछा करना पड़ता है।

कपूरथला के फगवाड़ा क्षेत्र में 14 अक्टूबर को हुई गोलीबारी के मामले में वांछित रोहित वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जालंधर ग्रामीण के पूरनपुर गांव का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि घटना के बाद वह हिमाचल प्रदेश में छिपा हुआ था। बाद में उसे कुल्लू पुलिस ने नशे से जुड़े एक अलग मामले में पकड़ा, जिससे फगवाड़ा पुलिस को अहम सुराग मिला।

यह मामला जालंधर राजमार्ग स्थित ईस्टवुड विलेज में हुई फायरिंग से जुड़ा है। प्रेस को जानकारी देते हुए माधवी शर्मा ने बताया कि सुखप्रीत सिंह उर्फ सुखा, जिसे पहले ईस्टवुड में नौकरी से निकाला गया था, 14 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा था।

मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी संदीप कुमार ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर सुखप्रीत ने पहले मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली संदीप की बायीं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद सुखप्रीत और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रोहित वर्मा वारदात के बाद हिमाचल प्रदेश भाग गया था। कुल्लू में उसे ड्रग्स के साथ पकड़े जाने के बाद फगवाड़ा पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट हासिल किया। पूछताछ के दौरान आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इस मामले ने एक बार फिर उस सवाल को हवा दी है कि पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों के अपराधी हिमाचल के सीमावर्ती और पर्यटन क्षेत्रों को छिपने के लिए क्यों चुनते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े पूरे नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई लाइन की जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि हिमाचल में अपराधियों को पनाह देने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!