न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 14 दिसंबर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वारघाट क्षेत्र में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 दिसंबर की देर रात बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम स्वारघाट क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान करमाला बस स्टॉप के पास दो युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गए और मौके से भागने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया। भागते समय एक आरोपी ने अपने पास रखा नशीला पदार्थ सड़क किनारे फेंक दिया, लेकिन सतर्क पुलिस कर्मियों ने दोनों युवकों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस द्वारा मौके पर की गई जांच में फेंका गया पदार्थ 30 ग्राम चिट्टा पाया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परीक्षित शर्मा (30) निवासी बंगाणा, जिला ऊना तथा हरीश ठाकुर उर्फ गोल्डी (32) निवासी स्वाहन, नयना देवी क्षेत्र, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार हरीश ठाकुर उर्फ गोल्डी बिलासपुर जिले में चिट्टा तस्करी का जाना-पहचाना नाम है और इससे पहले भी उसके खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े मामलों की जानकारी सामने आ चुकी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच को आगे बढ़ा रही है।
