न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 24 नवंबर। गोविंद सागर झील तट के लुहणू मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जल तरंग जोश महोत्सव का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्यातिथि पर्यटन अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक मंत्री) आर.एस. बाली रहे।
अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कहा कि जल तरंग जोश महोत्सव अब प्रदेश का एक शानदार और अत्यंत लोकप्रिय उत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पर्यटन विकास को नई दिशा देगा और प्रदेश सरकार के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के पारंपरिक उत्सवों और सांस्कृतिक धरोहरों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की बात कही।
समापन समारोह के दौरान सभी ने विंग कमांडर नमांश स्याल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उनकी शहादत को याद करते हुए पूरे पंडाल में दो मिनट का मौन रखा गया। मंत्री बाली ने कहा कि नमांश स्याल ने देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
इस अवसर पर मंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा महोत्सव की यादों को संजोकर तैयार की गई स्मारिका का भी विमोचन किया।
मुख्यातिथि का स्वागत उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, निदेशक मत्स्य विवेक चंदेल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
