न्यूज अपडेट्स
मंडी, 12 नवंबर। हिमाचल प्रदेश सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर 11 दिसंबर को मंडी जिले में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि समारोह में पिछले तीन वर्षों में सरकार द्वारा लाई गई ‘व्यवस्था परिवर्तन’ पहल के तहत हुए सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न विभागों में किए गए सुधारों पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह को सूचना एकत्र करने के लिए समन्वयक नियुक्त किया गया है।
कार्यक्रम स्थल के चयन के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में राज्य सरकार ने उल्लेखनीय सुधार किए हैं, जिनका सीधा लाभ जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार के साथ राजस्व सृजन में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। इसके अलावा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकासात्मक गतिविधियों में तेजी लाई जाए और सरकार की प्राथमिकताओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेवाओं को जनता के घर-द्वार तक पहुंचाने, डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने और सुशासन को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
