न्यूज अपडेट्स
मंडी/चंडीगढ़, 20 नवंबर। मंडी जिले को झकझोर देने वाले तेजाब कांड में पीड़िता ममता ठाकुर आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। बीते तीन दिनों से PGI चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार, ममता ठाकुर पर तेजाब हमला उनके पति नन्द लाल ठाकुर ने किया था। आरोप है कि नन्द लाल ने पहले ममता पर तेजाब फेंका और फिर उसे धक्का दे दिया, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गंभीर हालत देखते हुए AIIMS बिलासपुर रेफर किया गया और फिर वहां से PGI चंडीगढ़ भेजा गया।
बताया जा रहा है कि पिछले कल ही ममता ने पुलिस को अपना बयान दर्ज करवाया था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन गंभीर जलने के कारण वह बच नहीं सकीं।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश दोनों की लहर है। पुलिस ने आरोपी पति नन्द लाल ठाकुर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ममता ठाकुर की मौत से पूरा क्षेत्र सदमे में है, और लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
