न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 9 नवंबर। ग्राम पंचायत सासन में महिला की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। अब इस मामले में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वयं हस्तक्षेप करते हुए पीड़िता के परिजनों से बात की और न्याय का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को जैसे ही धरने की सूचना प्रशासन को मिली, उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह और एसपी भगत सिंह ठाकुर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद परिजनों की मुख्यमंत्री से मोबाइल फोन पर बात करवाई। मुख्यमंत्री ने पीड़िता के रिश्तेदार रणवीर सिंह से काफी देर तक बातचीत की और हर संभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस को मामले की गहन जांच करने, आरोपी से संबंधित हर पहलू की जानकारी जुटाने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने जिले में पुलिस गश्त बढ़ाने, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर कड़ी नजर रखने तथा स्कूलों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
