न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 12 नवंबर। बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल में पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई एक बुजुर्ग महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान 65 वर्षीय पार्वती देवी पत्नी स्वर्गीय देवेंद्र कुमार, निवासी गांव रोपड़ी, तहसील झंडूता के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा 3 नवम्बर को उस समय हुआ जब पार्वती देवी पशुओं के लिए चारा काटने के उद्देश्य से पेड़ पर चढ़ी थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया, जहां पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उन्होंने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलते ही थाना झंडूता पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका के बेटे मनीष कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि यह एक दुर्घटना थी और इसमें किसी पर भी कोई शक नहीं है।
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है।
