न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 18 नवंबर। बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा 21 से 23 नवंबर तक गोविंद सागर झील के तट पर आयोजित किये जा रहे ‘जल तरंग जोश महोत्सव-2025’ की तैयारियों को लेकर आज बचत भवन में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम सदर राजदीप सिंह और सहायक आयुक्त राजकुमार भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष महोत्सव को और अधिक प्रभावशाली व आकर्षक रूप दिया गया है। इसमें जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक संध्याएं, सामुदायिक कार्यक्रम, रेड क्रॉस मेला, आजीविका मेला और युवाओं के लिए विशेष प्रेरणादायक गतिविधियां शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 नवंबर को प्रातः 11 बजे लुहणू मैदान में महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और रेड क्रॉस मेला एवं आजीविका मेले का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 100 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे और इसके पश्चात जनसभा को संबोधित करेंगे।
जल क्रीड़ा रहेगी मुख्य आकर्षण
उपायुक्त ने बताया कि गोविंद सागर झील में होने वाली जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होंगी। इनमें कायाकिंग, कैनोइंग, देशी नाव दौड़, तैराकी और समतल जल बेड़ा राफ्टिंग शामिल हैं। सभी प्रतियोगिताएं 500 मीटर दूरी पर होंगी और उनका सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर किया जाएगा। सुरक्षा व व्यवस्थाओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
रेड क्रॉस मेले में सेवाभाव और जन-सहभागिता
मेला ग्राउंड में रेड क्रॉस द्वारा रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, तंबोला, शिशु प्रतियोगिता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजक खेल और दिव्यांगजन व बुजुर्गों के लिए विशेष फैशन शो आयोजित होंगे। यह मेला सेवाभाव और सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देगा।
आजीविका मेले में महिला समूहों के उत्पाद
आजीविका मेले में महिला स्वयं सहायता समूह स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, घरेलू वस्तुओं, पारंपरिक खाद्य सामग्री और व्यंजनों की बिक्री करेंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और विपणन के अवसर प्रदान करना है।
युवाओं के लिए नशामुक्ति व फिटनेस अभियान
युवाओं में नशामुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु भारोत्तोलन, बॉडी बिल्डिंग प्रदर्शन, फिटनेस गतिविधियां और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग द्वारा “नशे को ना कहें, फिटनेस को हां” अभियान चलाया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्याएं
प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी जिनमें प्रदेश और स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
21 नवंबर : गौरव कौंडल एवं अजय चौहान
22 नवंबर : गीता भारद्वाज एवं ए.सी. भारद्वाज
23 नवंबर : कुमार साहिल एवं कुलदीप शर्मा
23 नवंबर को समापन
महोत्सव का समापन 23 नवंबर को रात्रि 8 बजे तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे। इसी दिन सभी जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
जिला वासियों से सहभागिता का आग्रह
उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील की कि वे 21 नवंबर को लुहणू मैदान में अधिक संख्या में पहुँचकर आयोजन को सफल बनाएं और मेले, प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें।
स्थानीय व्यवसायियों से स्टॉल हेतु आवेदन आमंत्रित
एसडीएम सदर राजदीप सिंह ने बताया कि स्थानीय व्यवसायियों को महोत्सव में स्टॉल पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे। आवेदन एसडीएम सदर कार्यालय या जिला उद्योग केंद्र में जमा करवाए जा सकते हैं। स्टॉल आवंटन शुल्क 20,000 रुपये निर्धारित किया गया है और सभी स्टॉल 20 नवंबर से पहले आवंटित कर दिए जाएंगे।
