न्यूज अपडेट्स
कालका, 19 अक्टूबर। दिवाली के मौके पर जहां एक ओर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई हैं, वहीं दूसरी ओर निगम की बसों की खस्ता हालत फिर सुर्खियों में आ गई है। देहरा डिपो की एक बस (नंबर HP 36C 5399) की खराब स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह बस कालका से कांगड़ा के लिए जा रही थी। बीच रास्ते में बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को धक्का लगाकर बस को सड़क किनारे लगाने में मदद करनी पड़ी। यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे पूरा किराया तो देते हैं, लेकिन अब बस को धक्का लगाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर आ गई है।
लोगों का कहना है कि HRTC की कई बसें लंबे समय से बिना उचित रखरखाव के सड़क पर दौड़ रही हैं। इससे न केवल यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, बल्कि निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रियों ने मांग की है कि सरकार और परिवहन विभाग इस मामले में संज्ञान लें और खराब बसों को तुरंत सड़क से हटाया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर बसों की सर्विस और रखरखाव किया जाए, तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह वीडियो HRTC की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा कर रही है।
