न्यूज अपडेट्स
शिमला, 01 अक्टूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज ऐतिहासिक रिज मैदान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस-2025 के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई नई पहलें करने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार वर्तमान में 6 लाख 71 हजार 754 पात्र वरिष्ठ नागरिकों को बिना किसी आय सीमा के प्रति माह 1000 से 1700 रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान कर रही है। 60 से 69 वर्ष के पुरुषों को 1000 रुपये, इसी आयु वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये, जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को 1700 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। इसके अलावा, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि के अंतर्गत 2.37 लाख महिलाओं को भी प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने ज्वालामुखी में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ‘सुख आश्रय परिसर’ का उल्लेख किया, जहां वृद्धजनों को घर जैसा माहौल और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच के लिए रोगी मित्र योजना भी प्रारंभ की जाएगी।
सामाजिक कल्याण की दिशा में किए गए अन्य प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा देकर उनकी 27 वर्ष की आयु तक देखभाल, शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने में सहायता कर रही है। इसके साथ ही एकल और विधवा महिलाओं को घर बनाने हेतु 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतिगत बदलावों के चलते हिमाचल प्रदेश शिक्षा में 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश में 100 स्कूलों को सीबीएसई आधारित बनाया जा रहा है और भविष्य में शिक्षा व्यवस्था में और सुधार होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी बड़े सुधार किए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों में 300 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मशीनों की स्थापना की जा रही है। चमियाणा और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत केवल 30 हजार रुपये खर्च पर की जा चुकी है, जबकि निजी अस्पतालों में इसकी दर दो लाख रुपये है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई व्यक्तियों और संगठनों को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने साइक्लिंग रैली और वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा रैंप वॉक और आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
