Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

केंद्र का हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार, कांग्रेस ने किया हिमाचल का विकास : प्रियंका गांधी

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 13 अक्तूबर। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकप्रिय जननेता वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने वीरभद्र सिंह के जीवन और योगदान पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। समारोह में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण हर हिमाचली के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा, “वीरभद्र सिंह ऐसे नेता थे जिनके दिल में हमेशा हिमाचल की भलाई थी। मेरे परिवार का भी इस प्रदेश से गहरा लगाव रहा है — यहां मेरा घर है और मुझे पहाड़ों से बेहद प्रेम है।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि वीरभद्र सिंह राजनीति में सच्चाई और जनसेवा की मिसाल थे। उन्होंने कहा कि “महात्मा गांधी ने देश को और वीरभद्र सिंह ने हिमाचल को जो रास्ता दिखाया, वही कांग्रेस की विचारधारा है।” उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आपदा के दौरान जब प्रदेश संकट में था, तब केंद्र सरकार ने हिमाचल की कोई मदद नहीं की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बार-बार आग्रह किया, लेकिन भाजपा ने केवल राजनीति की।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कार्यक्रम में कहा कि उन्हें वीरभद्र सिंह के साथ 30 वर्षों तक काम करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह सड़कों के नेता थे, जो हमेशा जनता के बीच रहे। सुक्खू ने कहा, “हिमाचल प्रदेश गांधी परिवार का ऋणी रहेगा। इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया और सोनिया गांधी की सोच के कारण प्रदेश को IIT मंडी, IIM सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय मिला।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी द्वारा हिमाचल में घर बनाना यहां के पर्यटन के लिए भी वरदान साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास कांग्रेस की नीतियों और सोच का परिणाम है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज का दिन कांग्रेस परिवार के लिए भावुक क्षण है। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण उनके संघर्ष और सेवा को समर्पित है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू की सादगी और जनसेवा की भावना को वीरभद्र सिंह की परंपरा का हिस्सा बताया।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया और वीरभद्र सिंह ने इसे आधुनिक रूप दिया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह रात-दिन जनता के बीच रहते थे और महिलाओं व शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने ऐतिहासिक कार्य किए।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, जो वीरभद्र सिंह के पुत्र हैं, ने कहा कि आज का दिन उनके जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि पिता की प्रतिमा का अनावरण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति और जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के आदर्शों पर चलते हुए जनता की सेवा करते रहेंगे।

रिज मैदान में वीरभद्र सिंह के समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोग अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे और “वीरभद्र सिंह अमर रहें” के नारे गूंजते रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!