न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 08 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बिलासपुर जिले में मंगलवार देर शाम हुए दर्दनाक बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यदि यह साबित होता है कि जिस क्षेत्र में यह दुर्घटना हुई, वह पहले से लैंडस्लाइड प्रोन एरिया घोषित करने योग्य था और इसके बावजूद विभाग ने कार्रवाई नहीं की, तो संबंधित अधिकारियों व जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रात को ही मौके पर पहुंच गए थे और प्रशासन ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं लगातार विभाग और जिला प्रशासन के संपर्क में हैं ताकि राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो और घायलों को शीघ्रतम उपचार मिल सके।
विक्रमादित्य सिंह ने यह भी बताया कि जिस मार्ग पर यह दुर्घटना हुई, वहां पहले भी भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई थीं। स्थानीय लोगों ने इसे लैंडस्लाइड प्रोन एरिया घोषित करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि यदि यह बात सही पाई गई और विभाग के पास शिकायतें पहले से मौजूद थीं, तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश और जलवायु परिवर्तन के कारण भूस्खलन की घटनाओं में वृद्धि हुई है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लोक निर्माण विभाग ठोस रणनीति तैयार करेगा, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।