न्यूज अपडेट्स
मोहाली/शिमला, 29 सितंबर। पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय सिंगर राजवीर जवंदा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के तीन दिन बाद भी उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। न्यूरोसर्जरी और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम उनकी देखरेख कर रही है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब राजवीर जवंदा अपने चार दोस्तों के साथ बद्दी से शिमला बाइक यात्रा पर निकले थे। अचानक सड़क पर जानवर आ जाने से उनकी बाइक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं। वहीं, दुर्घटना के दौरान उन्हें कार्डियक अटैक भी हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
बीते दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई पंजाबी कलाकार अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। वहीं, अस्पताल के बाहर उनके फैंस और चाहने वाले बड़ी संख्या में मौजूद हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनकी हालत को स्थिर करने के प्रयास लगातार जारी हैं और उन्हें अभी पूरी तरह विशेष देखभाल की आवश्यकता है।
राजवीर जवंदा की इस दुर्घटना ने संगीत जगत को झकझोर दिया है। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक लगातार उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
