न्यूज अपडेट्स
दाबला (बिलासपुर), 15 सितम्बर 2025। तहसील घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले गाँव दाबला में भारी बारिश ने एक परिवार का आशियाना छीन लिया। जानकारी के अनुसार गाँव के निवासी मस्त राम दडोच पुत्र प्रेम लाल का दो मंजिला कच्चा स्लेटपोश मकान 13 सितम्बर की रात लगभग 9:30 बजे अचानक भरभरा कर ढह गया। मकान का बाकी हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है।
गनीमत रही कि प्रशासन ने पहले से ही मकान की जर्जर हालत को देखते हुए प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया था। उन्हें निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अस्थायी रूप से ठहराया गया था। यही सतर्कता किसी बड़ी जनहानि को टलने में सहायक बनी।
घटना की जानकारी वार्ड सदस्य परस राम ने 14 सितम्बर को प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही हल्का कानूनगो देव राज व पटवारी अनिल ठाकुर मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मकान गिरने की पुष्टि करते हुए आपदा प्रबंधन नियमों के तहत राहत सामग्री उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को स्थायी आवास और उचित आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध करवाई जाए।
