न्यूज अपडेट्स
शिमला, 24 सितंबर। राजधानी शिमला में 13 अक्टूबर को निजी बसें सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी। चालक और परिचालक संघ ने एकजुट होकर हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है।
संघ का कहना है कि लंबे रूट की बसें, स्कूल ड्यूटी पर लगी बसें और बाहर से डीज़ल भरवाकर व चार्जिंग कर आने वाली बसें अवैध तरीके से सवारियां बिठा रही हैं, जिससे स्थानीय बस ऑपरेटरों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 40 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाली बसें पुराने बस अड्डे तक पहुंचकर शहर की सवारियों को उठा रही हैं, जबकि यह नियमों के खिलाफ है। इसी तरह, स्कूलों के लिए निर्धारित बसों में भी अवैध रूप से आम सवारियां बैठाई जा रही हैं। इससे शहर में चलने वाली नियमित निजी बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है।
निजी बस ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल, 13 अक्टूबर को हड़ताल के चलते यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ सकती है।