न्यूज अपडेट्स
घुमारवीं, 7 सितंबर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंत्री धर्माणी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। जब भी वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में होते हैं तो सर्वप्रथम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका निपटारा करना सबसे अहम रहता है। उन्होंने अधिकारियों को भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का हल प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद की जा रही है। घुमारवीं क्षेत्र में भी भारी बरसात के चलते हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को राहत पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
राजेश धर्माणी ने बताया कि सभी विभागीय अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी परिवार आपदा राहत से वंचित न रह जाए। साथ ही लोक निर्माण विभाग और जलशक्ति विभाग को बंद पड़ी सड़कों एवं प्रभावित पेयजल आपूर्ति योजनाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के आदेश दिए गए हैं।
