न्यूज अपडेट्स
शिमला, 07 सितंबर। हिमाचल प्रदेश में इस बार का मानसून सीजन भारी तबाही लेकर आया है। प्रदेश के चंबा, कुल्लू, किन्नौर और शिमला समेत कई जिलों में बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं, वहीं किसानों की फसलें और सड़कों सहित बुनियादी ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई गांव अब भी सड़क संपर्क से कटे हुए हैं और लोग प्रशासन की ओर से भेजी जा रही मदद पर ही निर्भर हैं। ऐसे मुश्किल वक्त में हिमाचल की मदद के लिए पड़ोसी राज्यों के हाथ भी उठने लगे हैं। हरियाणा और पंजाब सरकार ने आपसी सहयोग और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए हिमाचल के आपदा प्रभावित जिलों के लिए बड़ी राहत सामग्री भेजी है।
हरियाणा सरकार ने भेजे राहत ट्रक
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से हिमाचल के लिए राहत सामग्री रवाना की। उन्होंने पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद 25 राहत सामग्री से भरे ट्रकों को हरी झंडी दिखाई। इनमें से 15 ट्रक पंजाब और 10 ट्रक सीधे हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना किए गए।
हिमाचल के चंबा जिले के लिए भेजी गई राहत खेप में 500 तिरपाल, 100 क्विंटल चावल, 50 क्विंटल आटा, 10 क्विंटल दाल, 500 गद्दे, 500 कंबल, 1000 बोतल तेल और मसाले समेत अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। सीएम सैनी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में हिमाचल के लोग अकेले नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और पड़ोसी राज्य हर संभव मदद करेंगे।
पंजाब सरकार भी आगे आई
हरियाणा के साथ-साथ पंजाब सरकार ने भी हिमाचल की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब से भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, कंबल और दवाइयों की खेप भेजी गई है। पंजाब सरकार ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल के साथ उसका भाईचारे का रिश्ता है और संकट के समय पंजाब हरसंभव सहयोग करेगा।
केंद्र सरकार की सक्रियता
इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय भी हिमाचल समेत अन्य आपदा प्रभावित राज्यों की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल गठित किए गए हैं, जो मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करेंगे और राज्य सरकारों की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों की रिपोर्ट केंद्र को देंगे।
हिमाचल को मिल रहा देशभर से सहयोग
हिमाचल सरकार ने स्वीकार किया है कि इस बार की तबाही लंबे समय तक सामान्य जीवन को प्रभावित कर सकती है। राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में भारी संसाधन लगेंगे। ऐसे में पड़ोसी राज्यों और केंद्र की मदद को प्रदेश सरकार ने जीवनरेखा करार दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पंजाब और हरियाणा सहित अन्य राज्यों का सहयोग हिमाचल के लिए बड़ी राहत है और इससे प्रभावित परिवारों को तात्कालिक मदद पहुंचाने में तेजी आएगी।
