न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 29 सितंबर। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने गृह जिला बिलासपुर के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी अहम साबित होगा।
सूत्रों के अनुसार जेपी नड्डा 30 सितंबर की शाम बिलासपुर पहुंचेंगे। वे सीधे धौलरा में आयोजित शारदोत्सव की आरती में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम अपने विजयपुर स्थित निवास पर करेंगे।
अगले दिन यानी 1 अक्तूबर को वे विजयपुर में रहकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता भी उनसे मुलाकात के लिए पहुंच सकते हैं।
2 अक्तूबर को शारदोत्सव का समापन होगा। इस अवसर पर शहर में निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा में नड्डा विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके बाद वे लुहणूघाट में आयोजित मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
अपने प्रवास के अंतिम दिन 3 अक्तूबर को नड्डा एम्स बिलासपुर के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इसके बाद वे दिल्ली लौट जाएंगे। हालांकि उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय से जारी किया जाएगा।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि नड्डा का यह दौरा केवल धार्मिक और सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगा। पंचायत चुनाव से पहले इसे भाजपा की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है। नड्डा का यह प्रवास कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाने और आगामी चुनावों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
