न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 17 अगस्त। (अनिल) सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले द्रोबड़ में रविवार दोपहर आसमानी बिजली गिरने से चार मवेशियों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार उमा देवी पत्नी संजय निवासी द्रोबड़ अपनी गोशाला के पास मवेशियों को पानी पिलाने और चारा डालने गई थी। इसी दौरान अचानक आसमानी बिजली गिरी। हादसे में भूरा राम और उनके भाई की दो भैंसें व दो बकरियां मौके पर ही मर गईं। वहीं, उमा देवी के आसमानी बिजली की चपेट में आने से बाजू में चोट लगी। जिस पर परिजनों ने उन्हें तुरंत निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंजगाई में उपचार के लिए भर्ती करवाया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।
आसमानी बिजली गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही खारसी पुलिस चौकी की टीम तथा स्थानीय पशु चिकित्सालय के डॉक्टर घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पीड़ित परिवार को करीब दो लाख रुपए के पशुधन का नुकसान हुआ है।
द्रोबड़ पंचायत प्रधान निशा देवी ने बताया कि आसमानी बिजली दोपहर करीब 12 बजे गिरी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार मवेशियों की मौत हो गई है।
