न्यूज अपडेट्स, 29 अगस्त
लाहौल-स्पीति। (अनिल)
लाहौल-स्पीति जिला में हाल ही में ऑल-फीमेल प्रशासन की व्यवस्था लागू की गई थी। फिलहाल इनमें से केवल जिलाधीश (डीसी) किरण भड़ाना ही ग्राउंड पर मौजूद हैं और अकेले ही प्रशासनिक मोर्चा संभाल रही हैं। प्राकृतिक आपदा और लगातार खराब मौसम की चुनौतियों के बीच डीसी किरण भड़ाना ने जिस तरह बिजली, पानी और सड़कों की बहाली को युद्धस्तर पर अंजाम दिया है, वह काबिले तारीफ है।
मरीजों की एयर लिफ्टिंग और 400 पर्यटकों के रहने-खाने का इंतज़ाम
जिलाधीश ने न सिर्फ गंभीर मरीजों की एयर लिफ्टिंग कराई बल्कि सिस्सू में फंसे लगभग 400 पर्यटकों के ठहरने और खाने-पीने की भी बेहतर व्यवस्था की। वहीं, केलंग और आसपास के इलाकों में बिजली सप्लाई बहाल कराकर स्थानीय लोगों को राहत पहुंचाई।
विधायक संपर्क में, अन्य अधिकारी अनुपस्थित
विधायक भले ही विधानसभा सत्र में व्यस्त हैं, लेकिन वे लगातार प्रशासन से संपर्क में हैं। वहीं, एसडीएम केलंग अवकाश पर हैं और पुलिस अधीक्षक ने अभी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। ऐसे में अकेले जिलाधीश किरण भड़ाना का यह प्रयास पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल बन गया है।
महिला अफसरों के लिए प्रेरणा
डीसी किरण भड़ाना ने जिस समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जिला प्रशासन का नेतृत्व किया है, वह न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए राहत का कारण बना है बल्कि अन्य अधिकारियों और विशेष रूप से महिला अफसरों के लिए भी प्रेरणादायक है।
