न्यूज अपडेट्स
चंडीगढ़, 30 जुलाई। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां PGI से सारंगपुर तक बनने वाले एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को 5 साल के लंबे इंतजार के बाद चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी (CHCC) ने मंजूरी प्रदान कर दी है. यह एलिवेटेड रोड पीजीआई से न्यू चंडीगढ़ के बीच लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा. इस प्रोजेक्ट पर लगभग 70 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी.
चीफ इंजीनियर सीबी ओझा ने बताया कि कुल 1.75 किलोमीटर लंबे इस रूट पर करीब 1.3 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड बनाया जाएगा. जो खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरेगा. उन्होंने बताया कि इंजिनियरिंग विभाग द्वारा अब इस प्रोजेक्ट की ड्राइंग रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उसे चंडीगढ़ अर्बन प्लानिंग डिपार्टमेंट व चीफ आर्किटेक्ट ऑफिस को भेजा जायेगा. वहां से मंजूरी मिलने के बाद जरूरत पड़ी तो प्रोजेक्ट के लिए कंसल्टेंट की मदद ली जाएगी. अन्यथा, सीधे टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी.
यह रहेगा रूट
इस एलिवेटेड रोड की शुरुआत पीजीआई से आगे आगे खुड्डा लाहौरा पुल से होगी, जो खुड्डा जस्सू बाजार, दुकानों, स्कूलों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर सारंगपुर के बोटेनिकल गार्डन के पास मौजूदा सड़क से जुड़ेगी. भीड़भाड़ और संकरी सड़कों के चलते यहां एलिवेटेड रोड निर्माण जरूरी माना गया है।
मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित
इस रूट पर भविष्य में मनी माजरा से होते हुए मेट्रो कॉरिडोर भी प्रस्तावित हैं. ऐसे में प्रशासन ने योजना बनाई है कि जहां आवश्यकता होगी, वहां डबल डेकर स्ट्रक्चर बनाया जाएगा. यानि एक लेवल पर मेट्रो कॉरिडोर और दूसरे पर एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी. इस रोड की चौड़ाई करीब 19 मीटर तय की गई है।
