न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 16 जुलाई। बरमाणा पुलिस ने अलसू पुल के समीप नाकाबंदी के दौरान एक राहगीर से 532 ग्राम चरस बरामद की है।
जानकारी के अनुसार थाना बरमाणा पुलिस द्वारा गत देर रात को अलसू पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को पुल की ओर से एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को सामने देखकर वह घबरा गया। आरोपी ने सड़क किनारे कच्ची जगह पर एक वस्तु फेंक दी। जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ।
पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी द्वारा फेंकी गई वस्तु को बरामद किया तथा आरोपी को काबू किया। पुलिस ने जब संबंधित वस्तु का निरीक्षण किया तो यह चरस निकली। इलेक्ट्रानिक तराजू पर वजन करने पर यह 532 ग्राम निकली।
आरोपी की पहचान
51 वर्षीय राजू निवासी नेरी डाकघर फोजल तहसील सदर, जिला कुल्लू के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके विरुद्ध थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस प्रवक्ता डी.एस.पी. बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना बरमाणा पुलिस द्वारा मामले की आगामी कार्रवाई की जा रही है।