न्यूज अपडेट्स
धर्मशाला, 15 मई। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में वोल्वो बसों की कमी आम जनता पर भारी पड़ने वाली है। कांगड़ा जिला के धर्मशाला और पालमपुर से दिल्ली सहित अन्य राज्यों को जाने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। एचआरटीसी ने धर्मशाला और पालमपुर से बाहरी राज्यों को चलने वाले करीब एक दर्जन से अधिक बस रूट बंद कर दिए हैं। एचआरटीसी ने इसका कारण वोल्वो बसों की कमी बताया है।
धर्मशाला और पालमपुर से बंद किए रूट
हिमाचल पथ परिवहन निगम ने पालमपुर के आठ और धर्मशाला के छह लंबे रूटों पर बस सेवाएं फिलहाल बंद कर दी हैं। एचआरटीसी के इस फैसले का असर विभाग की अपनी आर्थिकी पर भी पड़ने वाला है, क्योंकि परिवहन निगम की आय का प्रमुख साधन लॉंग रूट ही हैं। घाटे में चल रहे एचआरटीसी के लिए एक साथ 14 रूट बंद करना उनकी आर्थिक स्थिति को और भी बिगाड़ सकता है।
बीच रास्ते खड़ी हो जाती हैं पुरानी बसें
बताया जा रहा है कि एचआरटीसी में जो भी वोल्वो बसें हैं, वह काफी पुरानी हो चुकी है। यह बसें अपनी बुक वेल्यू पूरी कर चुकी हैं। ऐसे में यह बसें अकसर बीच सड़क पर खराब हो जाती हैं और उससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एचआरटीसी को भी यात्रियों की सुविधा के लिए और बसों की व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे में एचआरटीसी ने लगभग 14 लंबे रूटों को बंद करने का फैसला लिया है।
दिल्ली हरिद्वार चंडीगढ़ सहित कई रूट बंद
एचआरटीसी द्वारा धर्मशाला और पालमपुर के बंद किए अधिकतर रूटों में दिल्ली, चंडीगढ, हरिद्वार सहित कई अन्य जगहों के हैं। इन रूटों पर वोल्वो बसें बंद होने से अब लोगों को हिमाचल से बाहर जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। हालांकि एचआरटीसी के इस फैसले का निजी बस ऑपरेटरों को बिना किसी मेहनत के ही फायदा मिलने वाला है।
बताया जा रहा है कि एचआरटीसी नई बसें खरीद रहा है। जिसमें अधिकतर इलेक्ट्रिक बसें शामिल रहेंगी। लेकिन जब तक एचआरटीसी के बेड़े में नई बसें शामिल नहीं हो जाती, तब तक इन बस रूटों के अलावा और भी कई रूट बंद हो सकते हैं। जिससे आने वाले समय में आम जनता की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
एचआरटीसी के यह रूट हुए बंद
एचआरटीसी ने धर्मशाला से दिल्ली के लिए रात 10:10 बजे चलने वाली वोल्वो बस को बंद कर दिया है।
इसी तरह से एचआरटीसी ने शाम 6:30 बजे चलने वाली धर्मशाला.दिल्ली वोल्वो को भी बंद कर दिया है।
सुबह 8:45 पर मकलोडगंज से वाया चंडीगढ़-दिल्ली जाने वाली वोल्वो बस भी बंद कर दी है।
शाम को छह बजे धर्मशाला से दिल्ली चलने वाली एक डीलक्स सेवा भी अब नहीं चल रही है।
धर्मशाला से पंजाब के होश्यिारपुर के लिए सुबह 5:20 पर चलने वाली ओरडीनरी सेवा भी बंद।
सुबह 7 बजे पालमपुर से दिल्ली वाया सुजानपुर चलने वाली वेटलीज बस भी बंद कर दी।
शाम को 6:40 पर चलने वाली पालमपुर-दिल्ली वाया हमीरपुर वोल्वो भी अब बंद है।
इसी तरह से सुबह 4:55 पर पालमपुर-शिमला वाया हमीरपुर जा रही बस भी बंद है।
दोपहर डेढ़ बजे पालमपुर-जरूंडी-चंडीगढ़- दिल्ली जाने वाली बसें भी बंद कर दी गई हैं।
शाम 6:55 पर चलने वाली पालमपुर-दिल्ली वाया कांगड़ा एसी वेटलीज बस भी बंद रहेगी।
4:50 पर चलने वाली पालमपुर-दिल्ली-लाहट-कोटलू बस भी बंद कर दी गई है।
रात नौ बजे पालमपुर-दिल्ली वाया चामुंडा-कांगड़ा चलने वाली बस भी बंद है।
दोपहर तीन बजे पालमपुर से हरिद्वार वाया देहरादून चलने वाली बस भी बंद हो गई है।