न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कांगड़ा जिला के चंबी में राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर पर जमकर हमला बोला। महिला दिवस पर सीएम सुक्खू ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा जी कहते हैं कि मैं ऐसा डाक्टर हूं, आंखे तो ठीक कर सकता हूं, पर रोशनी नहीं दे सकता।
जयराम सरकार की आंखों की रोशन ठीक करते नड्डा
सीएम सुक्खू ने तंज कसते हुए कहा कि ये कैसे डॉक्टर हैं ? अच्छा तो तब होता, जब नड्डा पूर्व की जयराम सरकार की आंखों की रोशनी को ठीक करते। जेपी नड्डा जयराम को रोशनी देकर जाते और प्रदेश की संपदा को लूटने से बचा पाते। दरअसल बीते रोज जगत प्रकाश नड्डा ने बिलासपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू सरकार पर जमकर हमला किया था। उन्होंने कहा कि वह आंखों को तो ठीक कर सकते हैं, पर रोशनी नहीं दे सकते। जिस पर सीएम सुक्खू ने चंबी मैदान से जयराम और जेपी नड्डा पर पलटवार किया।
जनता को बताएंगे कैसे जयराम सरकार ने लुटाई प्रदेश की संपदा
सीएम सुक्खू ने कहा कि हम आने वाले समय में एक एक पन्ना जनता के बीच लेकर जाएंगे। जिसमें बताएंगे कि जयराम सरकार ने प्रदेश की संपदा को कैसे लूटा, किसानों और महिलाओं के अधिकारों को कैसे लूटा दिया। जयराम सरकार ने एक हजार संस्थान तो खोल दिए, पर वहां शिक्षक नहीं रखें। जयराम के कार्यकाल में हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें पायदान पर पहुंच गया।
कांग्रेस सरकार दे रही गुणात्मक शिक्षा पर ध्यान
सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता संभालते ही सबसे पहले शिक्षा के क्षेत्र में सुधार किया। प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा पर ध्यान दिया, ताकि हिमाचल देश भर में शिक्षा के क्षेत्र में पहला स्थान हासिल कर सके। सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के प्रयासों से हिमाचल आत्मनिर्भर बन रहा है। आर्थिक संकट कम हो रहा है और हिमाचल जल्द देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि अगला बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने वाला होगा।
महिलाओं को किया सम्मानित
इस दौरान सीएम सुक्खू ने चंबी मैदान में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 40 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास भी किए। उन्होंने दुरगेला में महाराणा प्रताप भवन का नींव रखी। इसके अलावा 11 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले ललेटा से बनू महादेव-धनोटू संपर्क मार्ग, चार करोड़ 41 लाख की लागत से धनोटू वाया बड बस्ती मार्ग, 19 करोड़ 86 लाख की लागत से बनाला से रूलेहड़ रोड की अपग्रेडेशन तथा पांच करोड़ 47 लाख की लागत से रिड़कमार से कुठराना संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया।