न्यूज अपडेट्स
शिमला। एचआरटीसी धर्मपुर डिपो के चालक द्वारा की गई आत्महत्या के मामले के आरोपों में फंसे आरएम विनोद कुमार से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। चालक संजय कुमार निवासी झिड़ी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला विनोद कुमार के खिलाफ औट थाने में दर्ज किया गया है। जिसके बाद पुलिस ने विनोद कुमार को तलब कर कई घंटे उनसे पूछताछ की है। जिसमें उनसे कई सवाल पुलिस ने किए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने डीएम एचआरटीसी से मामले से जुड़ा रिकार्ड भी मांगा है। जिसमें संजय कुमार की धर्मपुर में तैनाती, काम, तैनाती के दौरान ली गई छुट्टियां और संजय कुमार से संबंधित अन्य रिकार्ड मांगा गया है। इस रिकार्ड को जांचने के बाद पुलिस फिर से विनोद कुमार से पूछताछ करेगी। बता दें कि एचआरटीसी प्रबंधन ने भी इस मामले विभागीय जांच बिठाई हुई है। इसके साथ ही विनोद कुमार को आरएम धर्मपुर के पद से हटा कर डीएम कार्यालय मंडी में अटैच किया गया है। विनोद कुमार डीएम कार्यालय में अपनी ज्वाइनिंग भी दे चुके हैं। इस संबंध में पहले पुलिस ने आत्महत्या का ही मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में संजय कुमार की पत्नी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर संजय कुमार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया। जिसमें विनोद कुमार को आरोपी बनाया गया है। संजय कुमार की 11 जनवरी को अस्पताल में मौत हो गई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस दौरान परिजनों ने संजय कुमार का एक वीडियो भी रिकार्ड किया था।
जिसमें संजय कुमार ने आरएम विनोद कुमार पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। जिसके बाद भाजपा के साथ ही परिवहन निगम से संबंधित यूनियन ने भी मोर्चा खोला हुआ है। वहीं पुलिस ने अब विनोद कुमार से एक दौर की पूछताछ कर ली है। रिकार्ड को जांचने के बाद पुलिस उनसे फिर पूछताछ करेगी। इसके साथ ही पुलिस संजय कुमार की बिसरा रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में संजय कुमार के मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। डीएसपी पद्धर देवराज ने बताया कि विनोद कुमार से पूछताछ की गई है। एचआरटीसी प्रबंधन से संजय कुमार से जुड़ा सारा रिकार्ड मांगा गया है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने और रिकार्ड की पड़ताल के बाद जांच आगे बढ़ेगी।