हिमाचल: महिला प्रधान ने लगाई फर्जी हाजरियां, दंपत्ति ने दी पुलिस में शिकायत, जानें पूरा मामला

News Updates Network
0
न्यूज अपडेट्स 
मंडी। हिमचल प्रदेश में भले ही सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के दावे करती हो, जीरो टोलरेंस के दावे करती हो मगर जमीनी हकीकत आज भी यही है भ्रष्टाचार कहीं से कम होते हुए दिखाई नहीं दे रहा है। ताजा मामला प्रदेश के जिला मंडी के तहत आते बल्ह विकास खंड से सामने आया है। जहां एक महिला पंचायत प्रधान पर फर्जी हाजरियां लगाने के आरोप लगे हैं।

आरोपों को लेकर खड़ा हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के बल्ह विकास खंड की ग्राम पंचायत सोयरा में सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोयरा गांव की निवासी पदमा देवी और उनके पति विपिन कुमार ने पंचायत प्रधान पर फर्जी हाजरियां लगाकर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने SP मंडी और DC मंडी को शिकायतपत्र देकर मामले की जांच करने की मांग की है।

मस्टरोल में जोड़े जा रहे बाहरी लोगों के नाम

शिकायतकर्ता पदमा देवी का कहना है कि, पंचायत में चल रहे कार्यों के मस्टरोल में बाहरी लोगों के नाम फर्जी तरीके से जोड़े जा रहे हैं। इसके साथ ही उन पर उनके घर के निर्माण कार्य को जल्दी पूरा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि उनका निर्माण कार्य जारी है। विपिन कुमार ने बताया कि उनके पुराने घर को बरसात के कारण नुकसान हुआ था और अब वे सरकारी मदद से नए घर का निर्माण कर रहे हैं।

यह बोली महिला पंचायत प्रधान

इस बीच, पंचायत प्रधान अनीता चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और उल्टा शिकायतकर्ताओं पर ही सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। अनीता ने कहा कि पदमा देवी और उनके पति ने घर बनाने के लिए जो धनराशि प्राप्त की है उसका सही उपयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक पुलिस अधिकारी की मदद से उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है।

लोन लेकर बनाया है अपना घर

पंचायत प्रधान अनीता चौधरी ने स्पष्ट किया कि उनके घर के निर्माण में सरकारी धन का कोई उपयोग नहीं हुआ है। उनके पति जो कि सरकारी सेवा में हैं उन्होंने तीन साल पहले लोन लेकर घर बनाया था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत साबित हुए तो वे मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी।

दोनों पक्षों ने दी पुलिस में शिकायत

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें पुलिस को मिली हैं और मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी दस्तावेजों और मौके की स्थिति का अवलोकन कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोषी कौन है और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top