न्यूज अपडेट्स
शिमला, 20 दिसंबर: एच.आर.टी.सी. की 1 माह पहले शुरू की फोटो और वीडियो प्रतियोगिता में प्रदेश भर के युवाओं में जमकर रुचि दिखाई है और निगम प्रबंधन को एच.आर.टी. सी. बसों व बस अड्डों संबधित फोटो व वीडियो भेजे हैं। निगम प्रबंधन को प्रदेश भर से 251 लोगों ने बसों, बस अड्डों और रूटों पर जाती हुई एक से बढ़कर एक बस फोटो भेजी है।
जिसमें एच.आर.टी.सी. एक अलग पहचान बनकर उभरती है, वहीं निगम को 194 वीडियो भी आए हैं जिसमें युवाओं ने रूटों जाते हुए बसों के मनमोहक वीडियो भेजे हैं। निगम प्रबंधन ने निगम की वैबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से यह प्रतियोगिता 15 नवम्बर को शुरू की थी और 30 नवम्बर तक आवेदन मांगे थे। इसके बाद 15 दिसम्बर तक इसकी तिथि बढ़ाई गई थी। ऐसे में लोगों ने वीडियो व फोटो भेज कर भाग लिया।
महाप्रबंधक एच.आर.टी.सी. पंकज सिंघल ने कहा कि निगम प्रबंधन ने प्रदेश के युवाओं से एच.आर.टी.सी. बसों से संबधित फोटो व वीडियो मांगे थे। इस पर लोगों ने जमकर रुचि दिखाई है। 251 लोगों ने बसों के 426 फोटो भेजे हैं। इसके अतिरिक्त 194 वीडियो भी आए हैं। जल्द ही बैस्ट फोटो व वीडियो के ईनाम पाने वालों के नामों की घोषणा की जाएगी।
विस सत्र के बाद होगा बैस्ट फोटो और वीडियो का परिणाम घोषित: एच.आर.टी.सी. 50वें वर्ष में प्रवेश करने पर इस तरह के कार्यक्रम प्रबंधन आयोजित कर रहा है। निगम प्रबंधन द्वारा धर्मशाला में चल रही विधानसभा सत्र के बाद इस प्रतियोगिता के विजेताओं को घोषित करेगा और ईनाम राशि देगा। सबसे खूबसूरत वीडियो भेजने वाले का सबसे अधिक 8 हजार रुपए ईनाम दिया जाएगा, वहीं दूसरा ईनाम 5 हजार और तीसरा ईनाम 3 हजार रुपए का होगा। इसी तरह बैस्ट फोटो में पहला ईनाम 5 हजार, दूसरा ईनाम 3 हजार और तीसरा ईनाम 2 हजार रुपए का होगा।