बिलासपुर में पत्नी ने अपने नाम करवाई संपत्ति, गुजरात में नौकरी करता है पति
घुमारवीं थाना के अंतर्गत पति को मृत घोषित कर पत्नी द्वारा अचल संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया है। पति सोहन सिंह निवासी तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर ने अपनी शिकायत माननीय न्यायालय में दर्ज करवाई थी। न्यायालय के निर्देशों के बाद पुलिस ने पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोहन लाल निवासी घुमारवीं तहसील की शादी हिंदू रिति-रिवाज के मुताबिक के हुई।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी में झगड़े भी होने लगे। इसके अलावा अन्य कई विवाद भी उत्पन्न हो गए। पति आय के साधन जुटाने को लेकर रोजगार के लिए गुजरात चला गया। वहां पर नौकरी करने लगा। साथ ही बीच-बीच में अपने घर भी आता-जाता रहता था, लेकिन पति का पत्नी की गतिविधियों का पता नहीं चल पाया।
बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति गुजरात में नौकरी ही करता रहा। पत्नी ने अपने ही पति को मृत घोषित करवा दिया और पति की अचल सपंत्ति भी अपने नाम करवा ली। जब इस साजिश का पता पति को चला तो वह हैरान रह गया। पीडि़त पति ने माननीय न्यायालय में अपनी शिकायत दर्ज करवाई, जिसके चलते अब पीडि़त पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस इस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। इस बारे में डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने न्यायालय के निर्देशों के बाद मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।