हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की उझी घाटी की नग्गर-हलाण सड़क पर बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से केरल के दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों तीन अन्य युवकों के साथ नग्गर के हलाण घूमने गए थे। गुरुवार शाम करीब 5:00 बजे जब वे लौट रहे थे तो बाइक सड़क से नीचे गिर गई। बताया जा रहा है कि हादसा तंग सड़क पर एक गाड़ी को पास देते समय हुआ।
इससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें उपचार के कुल्लू अस्पताल लाया जा रहा था। इस बीच एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दूसरे को कुल्लू अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
युवकों की पहचान शाहिद (26) और विलियम (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पांचों दोस्त केरल से मनाली घूमने आए थे। ये सभी वशिष्ठ में एक गेस्ट हाउस में रुके थे। वीरवार को वे बाइक पर नग्गर के हलाण गए थे। वापस लौटते समय हादसा हुआ। हादसे के बाद मृतकों के साथी गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि पांचों युवक पढ़ाई करते हैं। वे कोरोना काल में यूक्रेन में फंसे थे।
उन्हें सरकार भारत लाई थी। एएसपी आशीष शर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखा है। मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।