मंडी : 11 घंटे बाद मलबे से निकाले परिवार के 8 लोगों के शव, चीखो-पुकार से दहल उठा गांव

News Updates Network
0
मंडी जिला के नाचन क्षेत्र की ग्राम पंचायत काशन के गांव झड़ोंन में शुक्रवार रात पहाड़ी घंसने से ढहे मकान के मलबे में दबे काशन पंचायत प्रधान सहित परिवार के 8 लोगों के शवों को करीब 11 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। 

मृतकों की पहचान काशन पंचायत प्रधान खेम सिंह (35) पुत्र रूप चंद, मीरा देवी  (34) पत्नी खेम सिंह और उनके 2 बेटे भास्कर (14) व तेजेन्द्र (11), कमला देवी (32) पत्नी झाबे राम, इनके 2 बच्चे रोहिणी (6) व दिव्यांशु (7) और प्रधान खेम सिंह के ससुर डागु राम (55) निवासी काढ़ी खड़ूहल तहसील थुनाग के रूप में गई है। 

बता दें कि सुबह 3 बजे से शुरू हुआ रैस्क्यू ऑप्रेशन दोपहर 2 बजे तक चला। सबसे पहले खेम सिंह के भाई झाबे राम की पत्नी और उनके 2 बच्चे मृत अवस्था में मिले। इसके बाद खेम सिंह और उनकी पत्नी के शव मिले जबकि बाद में खेम सिंह के 2 बेटों और अंत में उनके ससुर का शव मलबे से निकाला गया। जैसे ही शवों को बाहर निकला गया तो मौके पर चीखो-पुकार मच गई, जिससे पूरा गांव दहल उठा।

परिवार में रह गए सिर्फ 3 हीे लोग 
बता दें इस हादसे में परिवार के 3 लोगों में प्रधान के छोटे भाई और माता-पिता ही बच पाए हैं। प्रधान का छोटा भाई सेब सीजन के लिए कुल्लू गया था जबकि माता-पिता भेड़ बकरियों के साथ पहाड़ की ओर पुराने घर गए हुए थे। वहीं प्रधान के ससुर हादसे के दिन ही बेटी के घर आए थे जोकि काल का ग्रास बन गए। 

एक साथ उठीं 8 अर्थियों को देख हर आख हुई नम
पंचायत प्रधान खेम सिंह और उनके परिवार के सदस्यों की घर के आंगन से एक साथ उठीं 8 अर्थियों को देखकर मौके पर मौजूद हर किसी की आंखें भर आईं। एक तरफ जहां मां की चीखों से माहौल गमगीन था तो पिता रूप चंद हिम्मत जुटाए सभी लोगों से बात करते नजर आए। सब कुछ छिन जाने के बावजूद भी रूप चंद ने बेटे, बहुओं और पोतों व पोती के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी को निभाया। इस दौरान नाचन के विधायक विनोद कुमार और कांग्रेस नेता ब्रह्म दास चौहान उन्हें हौसला देते नजर आए। 

केऊली में मलबे दबी महिला का शव बरामद
वहीं दूसरी घटना में सराज के केऊली में मलबे की चपेट में आई महिला का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मृतक महिला की पहचान पुष्पा देवी पत्नी गगन के रूप में की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला सुबह गऊशाला में गई थी। जहां भारी बारिश के कारण डंपिग किया मलब गऊशाला पर गिर गया, जिससे महिला की मलबे की चपेट में आने से मौत हो गई।  महिला का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Ok, Go it!
To Top