शिमला : मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ रही कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वह कल देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ उन्हें वोट करें। उन्होंने कहा है उनका एक एक वोट भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश का जनमत संग्रह साबित होगा। प्रतिभा सिंह ने आज जारी अपनी अपील में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अधूरे सम्पनों को पूरा करना अब उनका एकमात्र लक्ष्य है।
भले ही वीरभद्र सिंह अब हमारे साथ नहीं है पर उनके आदर्श, उनका मार्गदर्शन आज भी हमारे पास है और सदा रहेगा।
प्रतिभा सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि यह उपचुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश प्रदेश की भावी राजनीति की दिशा व दशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से छुटकारा मिले, इसके लिए गूंगी बहरी भाजपा सरकार के कान व आंखे खोलना बहुत ही जरूरी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा उनके खिलाफ कोई भी षड्यंत्र रच सकती है, इसलिए सभी को चौकस रहने की बहुत ही जरूरत है।उन्होंने कहा कि कल 30 अक्टूबर का बहुत ही महत्वपूर्ण दिन व अवसर है,जब उन्हें भाजपा को उसके जन विरोधी चहरे को उजागर करते हुए देश व प्रदेश को इसके कुशासन से मुक्त करवाने की पहल करनी है। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि उनकी एक एक वोट पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रति उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वीरभद्र सिंह हमारे प्रेरणा स्रोत रहें है और हमेशा रहेंगे।
