वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भारत बंद में शामिल होने की घोषणा की है। इसके अलावा कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बसपा, आंध्र प्रदेश सरकार, तृणमूल कांग्रेस, माकपा, जेडीएस, तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके इस बंद को समर्थन देगी। संयुक्त किसान मोर्चा ने अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग बंद का समर्थन करें। वहीं किसानों के भारत बंद को देखते हुए दिल्ली में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारी किसानों को दिल्ली के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
सुबह छह से शाम चार बजे तक बंद
किसान संयुक्त मोर्चा ने कहा कि उनका भारत बंद सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक होगा। सभी सरकारी और निजी दफ्तर, शिक्षण और अन्य संस्थान, उद्योग, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रहेंगे। वहीं मोर्चा ने बंद से आपातकालीन सेवाओं को मुक्त रखा है। यानी अस्पताल, दवा दुकान, राहत एवं बचाव कार्य समेत कई और सेवाएं जारी रहेंगी।