Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

HRTC बस में बिना टिकट लगेगा 500 रुपए जुर्माना, टिकट नहीं देने की शिकायत पर मिलेगा ईनाम

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 23 नवंबर। एचआरटीसी की बस में सफर करते समय अब एक छोटी सी लापरवाही भी जेब पर भारी पड़ सकती है। बस में चढ़कर किराया दे दिया, लेकिन टिकट नहीं लिया या टिकट कहीं गुम हो गया, तो चेकिंग के दौरान 500 रुपये जुर्माना देना पड़ सकता है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने बसों में टिकट व्यवस्था को सख्त बनाने के लिए नई संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की है।

नए नियमों के तहत बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री से 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। टिकट गुम होने या चेकिंग के दौरान टिकट बनवाने की स्थिति में भी यही नियम लागू होगा। ऐसे में यात्रियों के लिए अब किराया देने के साथ टिकट संभालकर रखना भी जरूरी होगा।

किराया लिया, टिकट नहीं दिया तो यात्री को मिलेगा इनाम
नई व्यवस्था में यात्रियों को भी टिकट वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। यदि कंडक्टर यात्री से किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करता और शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो यात्री को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम दिया जाएगा।

यानी टिकट न देने की शिकायत करने वाले यात्री को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई होगी। एचआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि किराया देने के बाद टिकट जरूर लें और टिकट नहीं मिलने पर चुप न रहें।

पांच से 12 साल के बच्चों के आधे टिकट या मुफ्त यात्रा के मामले में कंडक्टर आयु प्रमाणपत्र मांग सकता है। यदि यात्री उम्र का प्रमाण नहीं दे पाता और प्रमाण संतोषजनक नहीं होता, तो पूरा टिकट काटा जाएगा। हालांकि, अभिभावक की घोषणा के आधार पर आधा टिकट लेने के बाद जांच में बच्चा पात्र नहीं पाया जाता, तो इसे सीधे बिना टिकट यात्रा का मामला नहीं माना जाएगा। ऐसे मामलों में बच्चे की फोटो और संबंधित दस्तावेज लेकर जांच के लिए यूनिट अधिकारी को भेजा जाएगा।

संशोधित एसओपी में टिकट नहीं देना, कम राशि का टिकट देना या पुराना टिकट थमाने जैसे मामलों को भी गंभीरता से लिया गया है। ऐसे मामलों में नियमित और अनुबंध आधार पर कार्यरत कंडक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
IAS Rahul Kumar HRTC MD
IAS राहुल कुमार, HRTC, प्रबंध निदेशक 

बसों में बिना टिकट यात्रा रोकने और टिकट वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए संशोधित एसओपी लागू की गई है। उन्होंने यात्रियों से किराया देने के बाद टिकट जरूर लेने और कंडक्टर की ओर से टिकट नहीं देने पर हेल्पलाइन नंबर 1100 पर शिकायत करने की अपील की है। - राहुल कुमार, HRTC प्रबंध निदेशक 

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!