न्यूज अपडेट्स
धर्मशाला, 23 नवंबर। बहन की शादी की खुशियों के बीच एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना के बाद एएसपी आरपी जसवाल भी मौके पर पहुंचे. इसके बाद मौके पर पहुंची फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य जुटा कर जैंच के लिए भेज दिए हैं. धर्मशाला के शाहपुर क्षेत्र के कुठारना गांव में 90 फीसदी झुलसने के कारण 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई. घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार, युवती मूल रूप से कुठारना गांव की रहने वाली थी और इन दिनों चिलगाड़ी स्थित क्वार्टर में अपनी मां और भाई के साथ रह रही थी. वह चंडीगढ़ में अपनी बड़ी बहन के साथ रहकर नौकरी करती थी. चार दिसंबर को बड़ी बहन की शादी तय थी. शादी की तैयारियों के लिए वह करीब 15 दिन पहले ही घर आई थी. वहीं, जिस युवती की शादी थी उसे भी शनिवार, 21 नवंबर को घर पहुंचना था. परिजनों के अनुसार, युवती अपनी मां के साथ सोई हुई थी. इसके बाद शनिवार सुबह करीब छह बजे घर से करीब 300 मीटर दूर जाकर उसने खुदकुशी की कोशिश की।
90 फीसदी झुलसने से हुई युवती की मौत
आनन-फानन में परिजनों ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसकी जान चली गई. घर में जोर-शोर से चल रही शादी की तैयारियों के कारण ऐन वक्त पर किसी को पता नहीं चला. जानकारी के अनुसार, युवती तीन बहनों और एक भाई में से एक थी. चार दिसंबर को होने वाला बड़ी बहन का विवाह परिवार के लिए खुशियों का अवसर था, लेकिन इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, "पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है और खुदकुशी के पिछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. मेडिकल कॉलेज टांडा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल, इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश अमल में लाई जा रही है।
