न्यूज अपडेट्स
मंडी, 10 नवंबर। प्रदेश के बहुचर्चित सिया हत्याकांड में अदालत की ओर से आरोपी विकास पटियाल को दोषी ठहराए जाने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हमले की गंभीरता सामने आई है। श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक के न्यायिक औषधि विभाग के विशेषज्ञों ने यह रिपोर्ट तैयार की है। दोषी को 13 नवंबर को सजा सुनाई जानी है। रिपोर्ट के अनुसार, सिया के शरीर पर 12 घाव थे।
विशेषज्ञ चिकित्सक ने अदालत में गवाही के दौरान बताया कि सिया की गर्दन के अगले हिस्से पर सबसे गंभीर वार किया था। दराट से बना गहरा और खुला घाव रीढ़ की हड्डी तक पहुंच गया था। इस वार से सिया की श्वास नली, भोजन नली, हृदय से मस्तिष्क तक रक्त पहुंचाने वाली दोनों कैरोटिड धमनियां, जुगलर वेन और वेगस नर्व कट गई थी। ग्रीवा कशेरुकाएं कटने से स्पाइनल कार्ड बाहर आ गया था।
अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सिया की मौके पर ही मौत हो गई थी। चिकित्सक के अनुसार, उसके बचने की संभावना न के बराबर थी। सिया के माथे के दाहिने हिस्से पर भी दराट से वार किया था। घाव माथे की हड्डी को चीरते हुए मस्तिष्क के दाहिने फ्रंटल लोब तक पहुंच गया था। इससे खोपड़ी की हड्डियां टूट गई थीं और अंदरूनी रक्तस्राव हुआ।
उसके कंधों, कलाइयों और हाथों के पीछे गहरे घाव मिले, जिन्हें विशेषज्ञों ने खुद को बचाने के प्रयास से जुड़े घाव बताया। सिया की हत्या 13 अप्रैल को हुई थी। अदालत 13 नवंबर को दोषी की सजा पर फैसला सुनाएगी।
