न्यूज अपडेट्स
शिमला, 26 नवंबर। राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान धार कुफर (डाकखाना रोड़ी) निवासी ईश्वर दास पुत्र गणेश दत्त के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब वह IGMC में उपचाराधीन अपनी पत्नी के लिए दवाई लेने लक्कड़ बाजार गए थे।
जानकारी के अनुसार ईश्वर दास की पत्नी IGMC में भर्ती हैं। बुधवार रात वह उनके लिए दवाई लेने निकले थे। इसी दौरान लक्कड़ बाजार में रात के अंधेरे में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को खाई से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
