न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 17 नवंबर। सिरमौर जिले के शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक स्कूल परवा लवागो में शिक्षक के देरी से पहुंचने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीणों और अभिभावकों की शिकायतों के आधार पर संबंधित अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबन कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान अध्यापक का मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा खखंड कार्यालय रोनहाट निर्धारित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गत 13 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस स्कूल से जुड़ एक वीडियो सामने आया था। इसमें ग्रामीण और अभिभावक स्कूल में अध्यापक के समय पर नहीं पहुंचने को लेकर अपना विरोध जताते दिखाई दिए थे। इस संबंध में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पर भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गई थीं।
मामले के अनुसार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय परवा लावागो में दो अध्यापक कार्यरत हैं। इनमें से एक अध्यापक उस दिन खंड स्तरीय बाल मेले में भाग लेने के लिए सतौन गए हुए थे, जबकि दूसरे अध्यापक पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल में देरी से पहुंचने का आरोप लगाया था। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी से मामले की रिपोर्ट प्राप्त की। इसके बाद विभाग ने संबंधित अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबन करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि स्कूल में अध्यापक के देरी से पहुंचने के मामले में विभागीय कार्रवाई करते हुए संबंधित अध्यापक को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए जांच अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद फैवट फाइंडिंग रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगामी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
