Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

Bilaspur News: कोटधार में बस सेवा बंद होने का मामला पहुंचा मानवाधिकार आयोग, MD HRTC से तलब की रिपोर्ट

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 17 नवंबर। कोटधार क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बंद होने का मामला अब हिमाचल प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के दरबार में पहुंच गया है। शाहतलाई–मरोतन वाया बुहाड़–मल्होट–धनीपुखर HRTC बस सेवा 15 अक्टूबर 2026 से बंद होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस रूट पर न तो वर्तमान में HRTC की कोई बस चल रही है और न ही निजी बस सेवा उपलब्ध है।

इस मामले में हिमाचल प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने शिकायत संख्या 388/2026 पर सुनवाई करते हुए 5 नवंबर 2026 को अंतरिम आदेश जारी किया है। माननीय आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति सी.बी. बरोवालिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (MD HRTC), शिमला से अगली सुनवाई से पहले रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 मार्च 2027 की तारीख निर्धारित की है।

गौरतलब है कि बस सेवा बंद होने के कारण कोटधार क्षेत्र के विद्यार्थियों, मरीजों, बुजुर्गों और आम ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के लिए शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और अन्य जरूरी कार्यों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

इस समस्या को पहले भी संबंधित विभागों और HRTC प्रबंधन के समक्ष उठाया गया था। क्षेत्रीय प्रबंधक HRTC बिलासपुर को भी बस सेवा बहाल करने के लिए चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद सेवा शुरू नहीं हो पाई। वहीं, RTO बिलासपुर द्वारा 2 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय प्रबंधक को स्वीकृत रूट परमिट एवं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार बस चलाने के संबंध में पत्र जारी किया गया था। इसके बाद भी बस सेवा बहाल नहीं हुई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम है। बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों के समानता, मानवीय गरिमा और सम्मानजनक जीवन से जुड़े अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मानवाधिकार केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उनका वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें अपने जरूरी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।

अब माननीय मानवाधिकार आयोग द्वारा MD HRTC शिमला से रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद कोटधार क्षेत्र के ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि उनकी समस्या का समाधान होगा और लंबे समय से बंद पड़ी बस सेवा को बहाल किया जाएगा।

ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि शाहतलाई–मरोतन वाया बुहाड़–मल्होट–धनीपुखर HRTC बस सेवा को तत्काल बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!