न्यूज अपडेट्स
शिमला, 25 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आदेश पर हिमाचल प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कोर कमेटी की घोषणा कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की ओर से इस संबंध में विधिवत अधिसूचना जारी की गई है। नई कोर कमेटी में केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, विधायक विपिन सिंह परमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और संजीव कटवाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और प्रदेश सह-प्रभारी दर्शना सिंह को कोर कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
इस बार भाजपा के प्रदेश कोर ग्रुप का आकार छोटा किया गया है। पहले कोर ग्रुप में 21 सदस्य शामिल थे, जबकि नई कमेटी में 2 विशेष आमंत्रित सदस्यों को मिलाकर कुल संख्या 14 रखी गई है। इस बदलाव के चलते पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को कमेटी में स्थान नहीं मिल पाया है। बाहर होने वाले प्रमुख नामों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार के अलावा राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक रणधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, त्रिलोक जम्वाल तथा पूर्व मंत्री राजीव सहजल, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा और सुरेश चंदेल शामिल हैं।
भाजपा संगठन में प्रदेश कोर ग्रुप का महत्वपूर्ण अत्यंत
भाजपा संगठन में प्रदेश कोर ग्रुप का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह कमेटी राज्य में पार्टी की मुख्य रणनीति, संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों से जुड़े अहम फैसलों पर विचार-विमर्श व समन्वय का कार्य करती है। आगामी चुनावी वर्ष में प्रवेश करने से पहले इस नई कोर कमेटी की भूमिका बेहद निर्णायक रहेगी।
चुनाव प्रबंधन, प्रचार अभियान और प्रमुख चुनावी मुद्दों की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ चुनाव मैदान में उतारे जाने वाले प्रत्याशियों की सूची तैयार करने में भी कोर ग्रुप की मुख्य भूमिका होती है।
