न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 20 नवंबर। सरकारी शिकायत पोर्टल और सोशल मीडिया का डर दिखाकर लोगों पर नाजायज दबाव बनाने वालों के खिलाफ सिरमौर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिला मुख्यालय नाहन में एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सीएम हैल्पलाइन पर की गई शिकायत को वापस लेने की एवज में एक व्यक्ति ने शराब ठेके के सेल्समैन से 30 हजार रुपए नकद और शराब की 2 महंगी बोतलें हासिल कर लीं। हालांकि, आरोपी की यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चल सकी और सदर थाना नाहन की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, बल्कि उसके कब्जे से पूरी नकदी और शराब की दोनों बोतलें भी बरामद कर ली हैं।
जानकारी के अनुसार, इस संबंध में 18 नवम्बर को पुलिस थाना सदर नाहन में मामला दर्ज किया गया था। मामले का शिकायतकर्ता नाहन स्थित एक शराब के ठेके पर सेल्समैन के तौर पर काम करता है। कुछ समय पहले शराब के रेट को लेकर उसकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हो गई थी। इस मामूली विवाद के बाद उक्त व्यक्ति ने सेल्समैन के खिलाफ सीएम हैल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवा दी थी। बात यहीं खत्म नहीं हुई, शिकायत दर्ज करवाने के बाद आरोपी ने इसे अपनी कमाई का जरिया बनाने का पैंतरा चला।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने अपनी शिकायत वापस लेने के बदले उससे 30 हजार रुपए की नकदी और शराब की 2 महंगी बोतलों की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न करने पर सेल्समैन को सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने का डर भी दिखाया गया। लगातार बनाए जा रहे इस मानसिक दबाव में आकर सेल्समैन ने उस वक्त तो आरोपी को 30 हजार रुपए और शराब की दोनों बोतलें दे दीं, लेकिन इसके तुरंत बाद उसने हिम्मत दिखाते हुए सीधा सदर थाना नाहन का रुख किया और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी शुभम सहोत्रा (31) पुत्र विक्रम सहोत्रा निवासी चिड़ावाली (नाहन) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से शिकायतकर्ता से लिए गए 30 हजार रुपए और शराब की दोनों बोतलें भी बरामद कर ली हैं तथा इस पूरे प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
इसके साथ ही एसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति शिकायत वापस लेने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने या नौकरी से निकलवाने का भय दिखाकर पैसे अथवा कीमती सामान की मांग करता है, तो डरकर उसे कुछ भी न दें, बल्कि तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।
